धान की सरकारी खरीद शुरू न होने पर भड़का किसानों का गुस्सा, रुद्रपुर में हाईवे जाम

रुद्रपुर। धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर उतर आया। गल्ला मंडी रुद्रपुर में धरना देने के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने हाईवे की एक साइड जाम कर दी। किसानों के सड़क पर बैठने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान कई स्कूली बसें, ट्रक और अन्य वाहन जाम में फंस गए।

किसानों का आरोप है कि धान की कटाई शुरू हुए कई दिन बीत चुके हैं और करीब 50 प्रतिशत फसल बाजार में पहुंच चुकी है, लेकिन सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद व्यवस्था अभी तक पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है। किसानों के मुताबिक कहीं पोर्टल में तकनीकी समस्या तो कहीं श्रमिकों की कमी का हवाला दिया जा रहा है। इसके चलते उन्हें मजबूरी में निजी व्यापारियों को कम कीमत पर धान बेचना पड़ रहा है।

1600 से 1700 रुपये क्विंटल में बेचने को मजबूर

किसानों ने बताया कि निजी व्यापारी उन्हें करीब 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान खरीद रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकारी समर्थन मूल्य के मुकाबले कम कीमत मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि समय पर सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से तैयार फसल बेचने को लेकर किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है।

अधिकारी का इंतजार करते रहे किसान

किसानों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से शांतिपूर्वक धरना देकर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी या किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और ज्ञापन लेने की मांग कर रहे थे। काफी इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो किसानों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने मंडी से बाहर निकलकर हाईवे जाम कर दिया।

सीओ ने समझाने का किया प्रयास

हाईवे जाम की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ विभव सैनी ने किसानों से बातचीत कर जाम समाप्त करने और उनकी समस्याओं पर चर्चा करने का प्रयास किया, लेकिन किसान तत्काल सरकारी खरीद शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 से 20 मिनट के भीतर कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत नहीं करता और धान खरीद शुरू कराने को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देता है तो हाईवे की दूसरी साइड भी जाम कर दी जाएगी। इसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी, तराई संघ किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह विर्क और किसान नेता ठाकुर जगदीश सिंह ने कहा कि किसानों की मांग नई नहीं है। उन्होंने सरकार से सभी सरकारी क्रय केंद्रों पर तत्काल धान खरीद शुरू कराने, पोर्टल संबंधी समस्याओं का समाधान करने और पर्याप्त श्रमिकों की व्यवस्था करने की मांग की।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *