
हरिद्वार : हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के साथ खोया-पाया व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। कुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए 36 थाने, एक साइबर थाना और छह जीआरपी थाने बनाए जाएंगे।
कुंभ मेले की पुलिस व्यवस्था को लेकर तैयारियां अब धरातल पर नजर आने लगी हैं। मुख्य पुलिस व्यवस्था से अलग कुंभ मेला पुलिस की विशेष व्यवस्था तैयार की जा रही है। सुरक्षा ड्यूटी के लिए पुलिस बल धीरे-धीरे हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। अधिकारियों के अनुसार दिसंबर की शुरुआत तक पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के पहुंचने की उम्मीद है।
पुलिसकर्मियों के ठहरने और ड्यूटी के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऋषिकुल और पंतद्वीप मैदान में रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण किया जा रहा है। दोनों पुलिस लाइनों में बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था की जा रही है। यहां टेंट लगाने के साथ पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग के लिए बड़े मीटिंग हॉल भी बनाए जाएंगे। दोनों रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
कुंभ मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, जबकि प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों के बिछड़ने की घटनाओं को रोकने और बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत के अनुसार, बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है। सभी थानों को आपस में कनेक्ट किया जाएगा, जिससे सूचना साझा करने और लोगों की तलाश में मदद मिलेगी। मुख्य खोया-पाया केंद्र सीसीआर भवन से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा साइबर अपराधों से निपटने के लिए अलग साइबर थाना स्थापित किया जाएगा। कुंभ मेले के दौरान डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए साइबर ठगी, फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन भुगतान से संबंधित अपराधों पर निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस नजर रखेगी।
रेलवे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह जीआरपी थाने भी स्थापित किए जाएंगे। आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कुंभ मेले की पुलिस व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सुरक्षा के लिए पुलिस बल का हरिद्वार पहुंचना जारी है।






