
हल्द्वानी: उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में साहस और रोमांच का नया सफर शुरू हो गया है। प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का शुभारंभ हो गया है। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 658 किलोमीटर लंबी यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी।
मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में प्रतिभागी पहाड़ी दुर्गम रास्तों, घुमावदार सड़कों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच अपनी साइकिलिंग क्षमता और endurance का प्रदर्शन कर रहे हैं। 20 नवंबर से शुरू हुई यह यात्रा 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
प्रतियोगिता के पहले दिन मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ तक करीब 133 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय की गई। इस चरण में लद्दाख निवासी सेवांग नोरबू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हरियाणा के शिवेन दूसरे और हिमाचल प्रदेश निवासी खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे। ऐंचोली में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने प्रतिभागियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर जैसी खूबसूरत पर्यटन नगरी से इस आयोजन की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल साहसिक खेलों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






