रुड़की के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या, बाथरूम में लहूलुहान मिला शव

लक्सर/रुड़की:

हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। युवक का शव बाथरूम के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलने से केंद्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में युवक का गला किसी धारदार हथियार से रेते जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 39 वर्षीय आशीष पिछले काफी समय से नशे की लत से जूझ रहा था। करीब तीन महीने पहले परिजनों ने उसे उपचार के लिए रुड़की के भंगेड़ी गांव स्थित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह केंद्र में भर्ती एक अन्य युवक जब बाथरूम पहुंचा तो उसने आशीष को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह नजारा देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर केंद्र संचालक और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केंद्र में मौजूद कर्मचारियों और अन्य मरीजों से पूछताछ की है। साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को नशा मुक्ति केंद्र के भीतर ही किसी व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

,

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *