
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। दोपहर करीब 12:30 बजे उनके चार पुत्रों में सबसे छोटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले अंतिम यात्रा सुबह 8:50 बजे पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के चंडीघाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय लोगों और विभिन्न राज्यों के नेताओं ने हिस्सा लिया।
करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडीघाट श्मशान घाट पहुंची, जहां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रखा गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के नेताओं, साधु-संतों तथा विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को कंधा देते हुए भावुक नजर आए। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भी पैतृक गांव से अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पंचूर गांव से हरिद्वार पहुंचने में लगभग दो से ढाई घंटे का समय लगता है।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में वीआईपी और श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण सहित उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई नेता चंडीघाट पहुंचे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (निरंजनी) एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (महानिर्वाणी) के अध्यक्ष और महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज भी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित कई सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।






