श्रीनगर में ओवरटेक को लेकर बवाल, स्थानीय युवकों और राजस्थान के यात्रियों में मारपीट; 10 हिरासत में

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर में शुक्रवार देर रात ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच हुई मारपीट में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राजस्थान से आए 10 लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पौड़ी चुंगी क्षेत्र में एक वाहन को ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। प्रारंभ में मामूली लग रहा विवाद श्रीयंत्र टापू क्षेत्र तक पहुंचते-पहुंचते हिंसक रूप ले बैठा।

आरोप है कि राजस्थान से कार में आए कुछ युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिसके बाद स्थानीय युवकों पर डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। इस दौरान तीन स्थानीय युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक युवक के हाथ पर दांत से काटने की भी घटना हुई, जिससे उसे चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लिया है। मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की तैनाती के चलते स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *