नाव घाट और साई घाट के पास मिले शव, पुलिस ने शुरू की जांच
ऋषिकेश। गंगा किनारे नाव घाट और साई घाट के पास अलग-अलग स्थानों पर दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना नाव घाट के पास हुई, जहां करीब 10 माह की बच्ची का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की मौत के बाद शव गंगा में प्रवाहित किया गया होगा और पानी के बहाव के साथ ऋषिकेश पहुंचा होगा। हालांकि, बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव गंगा तक कैसे पहुंचा, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
वहीं, दूसरी घटना साई घाट के पास सामने आई, जहां गंगा किनारे करीब एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला। पुलिस के अनुसार नवजात की नाल भी कटी हुई नहीं मिली। पुलिस जन्म के बाद बच्ची की मौत होने और शव को गंगा किनारे छोड़े जाने समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
दोनों घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







