भारत में कई जगहों की होली है बेहद अनोखी…..

हिन्दू धर्म में यूँ तो कई त्यौहार मनाये जाते हैं लेकिन होली और दिवालीइन दो त्योहारों की जो धूम देश में होती है वो शायद ही किसी अन्य त्यौहार में देखने को मिले। होली को पूरे देश में बहुत धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया जाता है। भारत में होली के त्योहार की अलग परंपरा और प्रथाएं हैं। कुछ हिस्सों में रंग वाली होली अधिक उत्साह से मनाते हैं, तो कुछ क्षेत्रों में होलिका दहन की खास परंपरा है। भारत की होली में शामिल होने के लिए दूर दराज से लोग आते हैं। भारत की कई जगहों पर होली काफी मशहूर है।

 

मथुरा-वृंदावन की लठमार होली

भारत में सबसे मशहूर होली उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में मनाई जाती है। श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में लट्ठमार होली खेली जाती है। मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर और वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में होली का जश्न देखने लायक होता है। यहां लट्ठमार होली की परंपरा है, जिसमें महिलाएं डंडों या लट्ठ से पुरुषों को खेल में मारती हैं और रंग लगाती हैं।

हंपी की होली

कर्नाटक के हंपी शहर में होली का उत्सव बेहद अनोखा होता है। हंपी की होली को देखने के लिए दूर दराज से लोग आते हैं। लोग यहां हंपी की ऐतिहासिक गलियों में ढोल नगाड़ों की थाप पर जुलूस निकालते हुए नाचते गाते निकलते हैं। रंग खेलने के बाद तुंगभद्रा नदी और सहायक नदियों में स्नान करने जाते हैं।

बरसाना की लड्डू और छड़ीमार होली

लठमार होली की तरह ही बरसाना में छड़ीमार होली खेली जाती है। बरसाना की होली में महिलाएं प्रतिकात्मक तौर पर पुरुषों को लट्ठ या छड़ी से मारती हैं। पुरुष ढाल से रक्षा करते हैं। इसके अलावा होली से कुछ दिन पहले लड्डू मार होली खेली जाती है। मंदिर में पंडित लड्डू का भोग लगाते हैं, जिसके बाद भक्तों पर लड्डू फेंकते हैं। अबीर-गुलाल की होली भी खेलते हैं।

केरल की होली

केरल में होली मंजुल कुली और उक्कुली के नाम से मनाई जाती है। केरल की होली में रंगों से नहीं खेली जाती है। यहां होलिका दहन होता है और प्राकृतिक तरीके से होली मनाते हैं।

पंजाब की होला-मोहल्ला होली

 पंजाब में होली के त्यौहार को एक अलग ढंग से मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन एक जगह पर इकठ्ठा होकर लोग तलवारबाज़ी, कुश्ती, मार्शल आर्ट्स जैसे करतबों का आयोजन करते हैं और इसमें सबसे ख़ास आकर्षण का केंद्र ये होता है कि ये सब रंगों और गुलालों के बीच किया जाता है। खूबसूरत रंगों के बीच अपने युद्ध कौशल को दिखाने का ये त्यौहार पंजाबी समुदाय के बीच काफी लोकप्रिय है।

उदयपुर की शाही होली

रजवाड़ों के शहर उदयपुर की शाही होली का ज़िक्र तो अवश्य ही बनता है। नाम से ही स्पष्ट है कि उदयपुर की ये होली शाही ढंग से मनाई जाने के लिए विश्व-विख्यात है। इस अनोखी, ख़ास, और भव्य होली में सिटी पैलेस में शाही निवास से मानेक चौक तक शाही जुलूस निकाला जाता है। इस जुलूस में घोड़े, हाथी से लेकर रॉयल बैंड शामिल होता है। इस त्यौहार की कई गुना खूबसूरती तो राजस्थानी गीत-संगीत बढ़ा देते हैं।

, ,

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *