वीकेंड पर देहरादून-मसूरी ट्रैफिक अलर्ट, दून पुलिस ने लागू किया स्पेशल ट्रैफिक प्लान

वीकेंड पर देहरादून-मसूरी ट्रैफिक अलर्ट, दून पुलिस ने लागू किया स्पेशल ट्रैफिक प्लान

वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर, मसूरी और ऋषिकेश मार्गों के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे नगर क्षेत्र को 5 सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। साथ ही 180 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को अलग-अलग ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात किया गया है।

गर्मी के मौसम में मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और अन्य पर्यटन स्थलों पर बढ़ती आवाजाही के चलते पुलिस प्रशासन ने यह विशेष व्यवस्था लागू की है। मसूरी, देहरादून शहर और प्रमुख मार्गों की निगरानी के लिए तीन ड्रोन टीमों को भी तैनात किया गया है।

पुलिस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश, हरिद्वार और हिमाचल से आने वाले पर्यटकों के लिए अलग-अलग रूट प्लान जारी किए हैं। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।

मसूरी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना बनाई गई है। पहले चरण में सामान्य ट्रैफिक संचालन किया जाएगा, जबकि पार्किंग भरने की स्थिति में पर्यटकों के वाहनों को किंगक्रेग पार्किंग और अन्य निर्धारित स्थलों पर पार्क कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गज्जी बैंड और हाथीपांव मार्ग से भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

ऋषिकेश और हरिद्वार मार्गों पर भी Plan A, B और C लागू किए गए हैं। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को नेपाली फार्म से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं स्थानीय बाजारों, मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी क्षेत्रों में भी विशेष ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी।

दून पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित रूट प्लान के अनुसार सफर करने की अपील की है, ताकि वीकेंड के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके।

,

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *