भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्काउट स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया तथा स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया।

मुख्यमंत्री ने भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। संस्था द्वारा आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।

इस अवसर पर संस्था के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं उत्तराखण्ड में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड की स्थापना 7 नवम्बर 1950 को हुई थी।

उन्होंने उत्तराखण्ड में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट तथा युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों को दिए जा रहे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के संबंध में भी जानकारी साझा की।

इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त श्रीमती बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्रीमती अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी तथा गाइड कु. योजना एवं कु. इशा ठाकुर उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *