कंपनी गार्डन क्षेत्र में किराए के मकान के बाहर मिला शव, परिजनों से पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटा रही पुलिस
मसूरी। कंपनी गार्डन क्षेत्र में शनिवार को 41 वर्षीय पूर्व सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराने के साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।
कोतवाली मसूरी के अनुसार, भारत सिंह रावत ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके साले नवांग त्सेरिंग पुत्र लोबसांग ने अपने किराए के मकान के बाहर आत्मघाती कदम उठाया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की।
तीन साल पहले सेना से हुए थे सेवानिवृत्त
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नवांग त्सेरिंग करीब तीन वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे और पिछले कुछ समय से कंपनी गार्डन क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, वह नशे की समस्या और मानसिक तनाव से परेशान थे। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि पूर्व में उन्होंने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था।
पुलिस अब घटना से पहले की परिस्थितियों और मृतक के हालिया व्यवहार समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र चौहान, कोतवाल मसूरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम के लिए शव कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।







