
देहरादून, 12 नवंबर 2026। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आमजन की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों के अंतर्गत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि शीतलहर से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले गरीब, असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को समय रहते कंबल उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण और वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर
डीएम ने जनपद के सभी रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित करने और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को आश्रय संबंधी परेशानी न हो।
दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न और स्वास्थ्य सेवाओं की अग्रिम व्यवस्था
जिलाधिकारी ने पर्वतीय, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी के मद्देनजर खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त अग्रिम भंडारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने से सड़क मार्ग बंद होने की आशंका को देखते हुए पहले से तैयारी रखना जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों को आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय रहते चिह्नित करने के निर्देश दिए। ऐसी महिलाओं को आवश्यकता के अनुसार नजदीकी चिकित्सालयों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
अस्पतालों में दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करें
आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, गर्माहट की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया।
बर्फबारी में सड़कें खोलने के लिए मशीनरी और संसाधन तैयार रखें
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को बर्फबारी के दौरान प्रभावित होने वाले मार्गों को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए आवश्यक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर के साथ नमक और चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा।
संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी पहले से निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया।
पर्यटन स्थलों और ट्रैकिंग रूट पर पर्यटकों की सुरक्षा प्राथमिकता
शीतकाल में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम, अत्यधिक ठंड और मार्ग अवरुद्ध होने की संभावनाओं के संबंध में पर्यटकों को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
ऐसे ट्रैकिंग रूट चिह्नित करने के निर्देश दिए गए, जहां खराब मौसम के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पशुओं के संरक्षण और चारा उपलब्धता पर भी ध्यान
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शीतलहर और पाले से पशुओं की सुरक्षा के लिए पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयां एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय और देखभाल की व्यवस्था करने के साथ ही चारा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखने को कहा गया।
वहीं, मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को भी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्वों के अनुसार व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी प्रभावी रूप से दिखाई दें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, ग्रामीण निर्माण विभाग, वन विभाग, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।






