उत्तराखंड : राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सोमवार को राजभवन परिसर में ट्यूलिप बल्ब का रोपण किया। राजभवन में इस वर्ष सर्वाधिक 14 प्रजाति के 4000 ट्यूलिप बल्ब रोपे गए हैं। राज्यपाल उत्तराखंड में ट्यूलिप के उत्पादन को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि राजभवन में ट्यूलिप गार्डन का और अधिक विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि राजभवन उद्यान में ऐसे पुष्प भी लगाए जाएं, जिनके माध्यम से पुष्प उत्पादन में लगे व्यक्तियों को प्रेरणा मिले। फ्लॉरिकल्चर को बढ़ावा देने से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
पहली बार राजभवन परिसर में ट्यूलिप का रोपण वर्ष 2015 में किया गया था। उस समय प्रयोग के तौर पर केवल 200 बल्ब रोपे गए, जिसका परिणाम उत्साहवर्धक रहा। इसके बाद वर्ष 2016 व 2017 में 500-500 बल्ब का रोपण किया गया। मुख्य उद्यान अधिकारी देहरादून डॉ. मीनाक्षी जोशी ने बताया कि आमतौर पर ट्यूलिप पुष्प 6500 फीट से अधिक ऊंचाई के क्षेत्रों में होते हैं।