टिहरी/रामनगर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं के कारण कई सड़क मार्ग बाधित हुए हैं। टिहरी गढ़वाल में चंबा-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर मटियाली नगुण के पास भूस्खलन से यातायात ठप हो गया, जबकि अन्य मार्गों पर भी मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई है।
NH-34 पर लैंडस्लाइड से यातायात बंद
टिहरी जिले में चिन्यालीसौड़ से पहले मटियाली नगुण क्षेत्र में भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-34 बंद हो गया। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने के बाद संबंधित विभाग की टीमें जेसीबी की मदद से सड़क खोलने में जुटी हैं।

वहीं, स्टेट हाईवे-77 पर गुजराडा-रानीपोखरी मार्ग भी भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। मार्ग को सुचारू करने का कार्य जारी है। देवप्रयाग-गजा-जाजल मोटर मार्ग पर आमपाटा के पास आया मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन अन्य स्थानों पर लगातार मलबा गिरने से खतरा बना हुआ है।
चानी गदेरा उफान पर, जान जोखिम में डालकर पार कर रहे लोग
चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर चानी गदेरा तेज बारिश के बाद उफान पर है। पानी का बहाव तेज होने के कारण राहगीरों और ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है। पक्के पुल की सुविधा नहीं होने से बरसात में लोगों को काफी परेशानी होती है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले गदेरों और नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।
“जिले में ऑरेंज अलर्ट है। कई स्थानों पर लैंडस्लाइड से सड़कें बाधित हुई हैं। जेसीबी मशीनों से मार्ग खोलने का काम किया जा रहा है। पीएमजीएसवाई की चार सड़कें भी बाधित हैं और उन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं।”
— नितिका खंडेलवाल, जिलाधिकारी टिहरी
रामनगर में उफनते नाले में बहने से बचा थ्री-व्हीलर
उधर, नैनीताल के रामनगर में मूसलाधार बारिश के बाद टेड़ा गांव का बरसाती नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण नाले के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

इसी दौरान सामान और एक यात्री को लेकर जा रहा थ्री-व्हीलर तेज बहाव के बीच फंस गया। पानी का दबाव बढ़ने से वाहन अपना संतुलन खो बैठा और बहने लगा। स्थिति को देखते हुए यात्री ने वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
वाहन चालक भी तेज बहाव में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से बरसाती नालों और तेज बहाव वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।







