देहरादून और मसूरी में बम धमकी से हड़कंप, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।

देहरादून:

देहरादून जिले के कई पुलिस थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। धमकी सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से दी गई बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई पोस्ट में देहरादून जिले के कई पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। मसूरी और देहरादून शहर कोतवाली सहित संबंधित थानों में मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस साइबर सेल की सहायता से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है और पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

मसूरी नगर पालिका कार्यालय को भी मिली धमकी

इसी बीच मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने का मामला भी सामने आया है। प्राप्त ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के कई स्थानों पर विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट करने का उल्लेख किया गया। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा देहरादून और दिल्ली के विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमले की धमकी का भी जिक्र किया गया है।

प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क

धमकी भरा ई-मेल नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग हरकत में आ गया तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से संदेश भेजने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अपुष्ट सूचनाओं या अफवाहों पर विश्वास न करें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *