भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया पलटवार, कहा पहाड़ के विकास की जीवन रेखा साबित होगी गैरसैण

उत्तराखंड : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पलायन के सम्बन्ध में दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गैरसैण पहाड़ के विकास की जीवन रेखा साबित होगी। भगत ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार पलायन आयोग का गठन किया गया तो इस पर अंकुश भी लगा। गैरसैण के सम्पूर्ण विकास के लिए आगामी 10 वर्षों के लिए 25 हजार करोड़ की योजना बनाई गई है और इससे सभी वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि गैरसैण के विकास के लिए सड़को का चौड़ीकरण किया जा रहा है। कर्णप्रयाग तक रेलवे लाइन पर कार्य प्रगति पर है और इसे गैरसैण तक पहुंचाने के लिए कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है।
साथ ही गौचर हवाई पट्टी को अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गैरसैण में राजधानी बनाने का फैसला इसी उद्देश्य से किया कि विकास पहाड़ के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। राजधानी पर कांग्रेस का ढुलमुल रवैया रहा लेकिन भाजपा अपने वायदे के अनुसार कार्य करती रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से सवाल किया कि वह आज गैरसैंण व राजधानी के मुद्दे को लेकर इतने चिंतित दिख रहे हैं, लेकिन पहले यह बताएं कि जब उनके पास प्रदेश की कमान थी, तब उन्होंने क्यों नहीं गैरसैंण को राजधानी घोषित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गैरसैण से पलायन नहीं बल्कि रिवर्स पलायन होगा। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार रोजगार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के लिए लगातार आगे बढ़ रही है और पर्वतीय इलाके में लगातार संसाधनों में वृद्धि हो रही है। भाजपा राज्य गठन के औचित्य को सार्थक करने में जुटी है।

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *