उत्तराखंड में तीसरी बार भी बनेगी भाजपा की सरकार: बांसुरी स्वराज

हरिद्वार। शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। बैठक से पहले आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएंगे।

हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार गंगा नगरी होने के साथ ही उत्तराखंड का प्रवेश द्वार भी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लक्ष्य को लेकर लौटेंगे और घर-घर तथा बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।

कार्यसमिति बैठक स्थल प्रेम नगर आश्रम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कई कार्यक्रम तय किए हैं। इनमें महिला चौपाल, एससी-एसटी सम्मेलन सहित विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के तहत सरकार की उपलब्धियों को लेकर पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। यात्रा में मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेताओं की सहभागिता भी होगी। इसके विस्तृत कार्यक्रम पर बैठक में चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों में दूसरे राज्यों से आने वाले कार्यकर्ताओं को जिला विस्तारक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिले आवंटित किए जाएंगे। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सकारात्मक माहौल और संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। उनके लिए यह व्यक्तिगत सौभाग्य की बात है कि संगठन ने उन्हें इस देवभूमि और वीरभूमि का सह प्रभारी बनाया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास के कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों और उनके विजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धरातल पर उतार रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि प्रदेश के मतदाता विकास कार्यों और सरकार के प्रयासों पर फिर से मुहर लगाते हुए भाजपा को समर्थन देंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति से एक दिन पहले प्रकोष्ठों और मोर्चों की बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति तथा संगठनात्मक विषयों पर पारिवारिक वातावरण में चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, वरिष्ठ नेता राम माधव, संगठन महामंत्री और शहर प्रभारी अरविंद मेनन सहित अन्य नेताओं का मार्गदर्शन मिला।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचे प्रवासी कार्यकर्ताओं के सहयोग और अथक प्रयासों से पार्टी प्रदेश में फिर कमल खिलाने के लक्ष्य को हासिल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *