
हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय बदला हेलीकॉप्टर का रुख, प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर खेतों का किया निरीक्षण; अधिकारियों को जल्द नुकसान का आकलन कर राहत देने के निर्देश
बाजपुर, उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित किसानों के बीच पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय ओलावृष्टि की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के बावजूद अपने हेलीकॉप्टर का रुख बाजपुर की ओर करा दिया। यहां उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
सूचना मिलते ही बाजपुर पहुंचे मुख्यमंत्री
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका के बीच किसानों की चिंता बढ़ गई। उस समय मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने का निर्णय लिया और हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी। इसके बाद बाजपुर में उतरकर खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों से फसलों को हुए नुकसान और उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन जल्द पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राहत से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। किसानों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और नुकसान के आकलन से लेकर सहायता उपलब्ध कराने तक प्रत्येक स्तर पर तत्परता बरती जाए।
आपदा की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है सरकार: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सरकार का प्रयास है कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन समय पर पूरा कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।






