पेट्रोल-डीजल महंगे: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच तेल कंपनियों ने बढ़ाए दाम

देशभर में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार 15 मई 2026 से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब भारतीय बाजार और आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है।

नई कीमतों के अनुसार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 3.14 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 3.11 रुपये की बढ़ोतरी के बाद 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय टैक्स के कारण कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिलेगा।

बताया जा रहा है कि फरवरी के अंत से शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है। लगातार बढ़ती क्रूड ऑयल कीमतों के कारण इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा था। लंबे समय से घाटा झेलने के बाद कंपनियों ने आखिरकार ईंधन की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी पहले संकेत दे चुके थे कि तेल कंपनियों को रोजाना भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में युद्धविराम के बावजूद तेल और गैस से जुड़े कई महत्वपूर्ण ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसके कारण सप्लाई सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर भी पड़ना तय माना जा रहा है। परिवहन लागत बढ़ने से बस, टैक्सी और माल ढुलाई महंगी हो सकती है। वहीं खाने-पीने की वस्तुओं समेत रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में भी इजाफे की आशंका जताई जा रही है।

,

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *