उत्तराखंड : उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार और राज्य स्तरीय विज्ञापन अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र जोशी का शुक्रवार को कोरोना से निधन हो गया। उन्हें कुछ दिन पहले तबीयत खराब होने पर आरोगयधाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। यह उत्तराखंड पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति है।
राजेंद्र जोशी के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर छा गई है। उनके निधन पर तमाम पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा दु:ख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य विज्ञापन अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र जोशी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके परिवार के साथ है।