मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन महान परंपराओं में से एक है, जो हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *