
देहरादून, 13 नवंबर। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रख्यात गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और स्थानीय रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और पारंपरिक विरासत प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार विभिन्न माध्यमों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की भावनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का प्रभावशाली माध्यम हैं। इनके जरिए देश की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड की लोककला, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विशिष्टताओं को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों के जरिए व्यापक मंच उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर देने और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।






