देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि ‘‘सेवा ही परम धर्म है’’, के मंत्र को आत्मसात करते हुए रेडक्रॉस के कार्यकर्ता निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में समर्पित हैं। सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना से किया गया रेडक्रॉस का कार्य अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक आपदा-संवेदनशील राज्य है। यहाँ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते अक्सर आपात स्थितियाँ उत्पन्न होती रहती हैं। ऐसे समय में रेडक्रॉस आशा, करुणा और सहानुभूति का प्रतीक बनकर पीड़ितों के लिए संबल प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेडक्रॉस संगठन भविष्य में भी इसी प्रकार मानव सेवा की भावना से प्रेरित होकर कार्य करते हुए जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
