उत्तराखंड : आईएएस सुखबीर सिंह संधू को उत्तराखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। सोमवार को प्रदेश में बनाए गए नए मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु केंद्र से रिलीव होकर उत्तराखंड पहुंच गए। सोमवार को ही सरकार ने ओम प्रकाश को हटाकर एसएस संधू को मुख्य सचिव बनाया है। साथ ही ओम प्रकाश को अध्यक्ष राजस्व परिषद की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने डॉ. संधू की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
बता दें कि सुखबीर सिंह संधू 1988 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। अब तक वे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन का पद संभाल रहे थे। काम करने में तेजतर्रार माने-जाने वाले संधू के पास व्यापक अनुभव है। संधू केंद्र सरकार और उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। पंजाब में प्रकाश सिंह बादल सरकार में वो सीएम के सचिव रहे हैं। उत्तराखंड में लौटने के बाद बीसी खंडूड़ी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत के प्रमुख सचिव भी रहे हैं। संधू मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव रह चुके हैं।
सीएम से की भेंट
उत्तराखंड के मुख्य सचिव नियुक्त किए गए डॉ. सुखबीर सिंह संधू सोमवार को बीजापुर अतिथि गृह पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मुख्य सचिव के दायित्व के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।