जनदर्शन में सख्त डीएम, लापरवाही पर वेतन रोका

देहरादून: 

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आमजन का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन/जनसुनवाई में कुल 92 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, फीस माफी एवं उपचार से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एचडीसी कॉलोनी प्रकरण: इंजीनियर अनुपस्थित, एक दिन का वेतन रोका
एचडीसी कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय एल.एन. नौटियाल ने क्षेत्र में सीवर लाइन धंसने, क्षतिग्रस्त सड़क एवं जलभराव की समस्या रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा। जनदर्शन में अनुपस्थित पाए जाने पर उनके एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एडीएम को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
न्यायालय आदेश के बावजूद कब्जा: एसडीएम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मोथरोवाला निवासी बुजुर्ग दंपत्ति ने शिकायत की कि न्यायालय आदेश के बावजूद उनके आवास पर कब्जा खाली नहीं किया जा रहा तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
भरण-पोषण अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
राजीव नगर निवासी वृद्धा मंजू देवी ने पुत्र व बहू द्वारा संपत्ति हड़पने और उत्पीड़न की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ‘भरण-पोषण अधिनियम’ के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध कब्जे के प्रयास पर स्थलीय जांच
अजबपुर कलां निवासी विधवा सीमा उनियाल एवं तिपरपुर परगना की बुजुर्ग बाला देवी ने निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मौके पर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीनियर सिटीजन एक्ट में होगी कार्रवाई
डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री की शिकायत पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ‘सीनियर सिटीजन एक्ट’ के अंतर्गत वाद दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मानवीय पहल करते हुए बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने हेतु ‘सारथी वाहन’ की व्यवस्था कराई।
आर्थिक अभाव में शिक्षा बाधित न हो
लख्खीबाग निवासी मौ० यासीन की पुत्र की फीस माफी की प्रार्थना पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय कर नियमानुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड की तत्काल जांच के निर्देश
मोथरोवाला निवासी नरेन्द्र नाथ के घायल पुत्र के उपचार हेतु आर्थिक सहायता के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आयुष्मान कार्ड की स्थिति तत्काल जांच कर आज ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मोहकमपुर-नेहरूग्राम की समस्याओं पर 10 मार्च तक रिपोर्ट
मोहकमपुर-लोअर नत्थनपुर एवं नेहरूग्राम क्षेत्र की जर्जर सड़कों, झुके विद्युत पोल, गंदगी एवं अतिक्रमण की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को 10 मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण: 15 मार्च तक आख्या तलब
केदारपुरम कॉलोनी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को राजस्व अभिलेख परीक्षण एवं स्थलीय निरीक्षण के उपरांत 15 मार्च तक स्पष्ट रिपोर्ट देने को कहा गया।
देहरादून-डोईवाला परिवहन सेवा पर जवाब तलब
देहरादून से डोईवाला, भानियावाला, रानी पोखरी एवं भोगपुर मार्ग पर स्मार्ट सिटी/इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रारंभ न होने के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने स्मार्ट सिटी प्रबंधन से 17 मार्च तक कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनदर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *