कुंभ 2027 तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव, दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार।

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने हरिद्वार पहुंचकर निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव कुछ अस्वस्थ भी नजर आए, बावजूद इसके उन्होंने पूरी गंभीरता से व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन के लिए समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों बेहद महत्वपूर्ण हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरिद्वार प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिससे वे व्यवस्थाओं को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि कुंभ मेला 2027 भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।

 चारधाम यात्रा की तैयारियों पर भी फोकस

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आगामी चारधाम यात्रा को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शासन स्तर पर पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जल्द ही चारों धामों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

 ये अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर शहरी विकास सचिव नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, कुंभ मेला 2027 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *