देहरादून- उत्तराखंड में लॉकडाउन के पहले दिन से सबक लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद 24 मार्च को लॉकडाउन के स्वरूप में बदलाव को लेकर संदेश जारी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार को सुबह सात बजे से दस बजे तक आवश्यक वस्तुएं दूध, सब्जी, राशन आदि की दुकानें खुली रहेंगी। लोग खरीददारी के लिए घर से निकल सकते हैं। लेकिन दस बजते ही सभी दुकानें बंद करवा दी जाएंगी। निजी वाहनों के संचालन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। इसके बाद अघोषित कर्फ्यू लागू हो जाएगा। तय समय के बाद घर से बाहर निकलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश जिलाधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार देर शाम को दोबारा से लॉकडाउन की स्थिति को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा की जाएगी। अगर व्यवस्था में कोई बदलाव करने की जरूरत महसूस हुई तो उसे बदला जाएगा। अन्यथा यही व्यवस्था अगले कुछ दिनों तक चलेगी।
सरकार ने आवश्यक सेवाओं के तहत पेट्रोल पंप खुले रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक पंप पर केवल दो मशीनें चलेंगी। एक मशीन पेट्रोल की और एक डीजल की चलाई जाएगी। रसोई गैस की सिर्फ होम डिलीवरी ही की जा सकती है।