वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ के कपाट

चमोली : गुरुवार को बदरीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस पल के कई श्रद्धालु साक्षी बने और साथ ही उन्होंने भगवान से सुख-सुमृद्धि की कामना की। भगवान नारायण को घृत कम्बल और घी से लेप किया। वहीं इस मौके पर सेना के बैंड और भगवान बदरीनाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं कपाट बंद होने के बाद किसी भी व्यक्ति को बगैर सरकारी अनुमति के हनुमान चट्टी से आगे जाने पर मनाही होगी।
गुरुवार को शाम 3 बजकर 35 मिनट पर भगवान बद्री विशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव और कुबेर जी की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर के लिए रवाना हुई। मान्यता है कि भगवान बदरी विशाल की छह माह नर और छह माह नारदजी पूजा करते हैं। कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ में पूजा का प्रभार नारद मुनि के पास रहता है। मान्यता है कि पुराने समय में भगवान विष्णुजी ने इसी क्षेत्र में तपस्या की थी। उस समय महालक्ष्मी ने बदरी यानी बेर का पेड़ बनकर विष्णुजी को छाया प्रदान की थी। लक्ष्मीजी के इस समर्पण से भगवान प्रसन्न हुए। विष्णुजी ने इस जगह को बद्रीनाथ नाम से प्रसिद्ध होने का वरदान दिया था। बदरीनाथ धाम में विष्णुजी की एक मीटर ऊंची काले पत्थर की मूर्ति स्थापित है। विष्णुजी की मूर्ति ध्यान मग्न मुद्रा में है। यहां कुबेर, लक्ष्मी और नारायण की मूर्तियां भी हैं। इसे धरती का वैकुंठ भी कहा जाता है। बदरीनाथ मंदिर तीन भागों में विभाजित है, गर्भगृह, दर्शनमंडप और सभामंडप।
प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन पर देश- विदेश के श्रद्धालजनों को शुभकामनाएं दी। पर्यटन-धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज सहित विधान सभाअध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल,विधायक बद्रीनाथ एवं देवस्थानम बोर्ड सदस्य महेंद्र प्रसाद भट्ट गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत, चारधाम विकास परिषद उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगाई ने चारधाम यात्रा समापन पर प्रसन्नता जताई।

About The lifeline Today

View all posts by The lifeline Today →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *