एफटीए के जरिए उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगा विदेशी बाजार, निर्यातकों के लिए देहरादून में कार्यशाला

देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, औद्योगिक वस्तुओं और कृषि आधारित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में एमएसएमई और निर्यातकों के लिए मुक्त व्यापार समझौतों पर कार्यशाला आयोजित की गई।

होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से उत्तराखंड के उद्यमियों को विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में निर्यात और औद्योगिक विकास की अहम भूमिका रहेगी।

चौधरी ने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात पिछले आठ वर्षों में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हो गया है। वर्ष 2017-18 में यह 10,836 करोड़ रुपये था। राज्य से दवाइयां, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य सामग्री, जैविक एवं हर्बल उत्पाद और हस्तशिल्प का निर्यात किया जाता है।

उन्होंने भारत के ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे पात्र उत्पादों को सीमा शुल्क में रियायत मिलती है। इसका लाभ उठाकर राज्य के उद्यमी अपने उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ा सकते हैं।

मंत्री ने औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर का निर्माण हो रहा है। किच्छा के खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर भी स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री ब्रांड के माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को भी बड़े बाजारों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।

कार्यशाला में केंद्र सरकार के अधिकारियों ने एफटीए के तहत सीमा शुल्क रियायतों, उत्पादों के मूल देश के नियमों, निर्यात संवर्धन मिशन और जिलों को निर्यात केंद्र बनाने की योजनाओं पर जानकारी दी। विभिन्न तकनीकी सत्रों में कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, सेवा और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में निर्यात की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

समापन सत्र में उद्यमियों और निर्यातकों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। कार्यक्रम में पीएचडीसीसीआई, सीआईआई, ईईपीसी, ईपीसीएच, एपीडा और एसईपीसी सहित कई औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *