पिथौरागढ़ जिले के कॉलेज रोड स्थित कुजौली निवासी प्रियंका उप्रेती रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआइ) में प्रबंधक पद पर चयनित हुई है। बचपन से ही मेधावी छात्राओं में गिनी जाने वाली प्रियंका ने अपनी प्राथमिक शिक्षा स्थानीय नारायण स्वामी विद्या मंदिर से ग्रहण की। तत्पश्चात उन्होंने हाईस्कूल तक की शिक्षा सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा गंगोत्री गर्ब्याल राबाइंका से प्राप्त की।
प्रियंका ने जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर से बीएससी तथा पूसा दिल्ली से एमएससी किया। अपनी मेहनत के बलबूते सभी परीक्षाएं अच्छे अंको से उप्तीर्ण करने वाली प्रियंका ने इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। यहां भी उनके कठिन परिश्रम रंग लाया और उनका चयन आरबीआइ मुंबई में मैनेजर पद पर हो गया।
सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका के दादा शिवदत्त उप्रेती सेना से सुबेदार पद पर सेवानिवृत्त हैं। प्रियंका के पिता भुवन चंद्र उप्रेती आइटीआइ में इंस्ट्रक्टर (अनुदेशक) के पद पर कार्यरत है जबकि उनकी मां मंजू देवी एक कुशल गृहणी हैं।
उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से उनके घर सहित पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। जहां प्रियंका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रियंका की इस उपलब्धि ने सीमांत जनपद सहित सम्पूर्ण उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है।